सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर टिहरी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

Uk live
0

 ज्योति डोभाल संपादक 


टिहरी गढ़वाल। सीजनल इन्फ्लूएंजा (H1N1) एवं अन्य श्वसन संबंधी संक्रमणों की संभावित स्थिति को देखते हुए टिहरी गढ़वाल स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि जिले के सभी मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों एवं विकासखंडों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड आरक्षित रखने तथा ऑक्सीजन, आवश्यक उपकरण, जांच सुविधाएं, दवाइयां एवं अन्य चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में संदिग्ध मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग एवं निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही गंभीर लक्षण वाले मरीजों को आवश्यकता के अनुसार तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ ने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ पूरी तरह तैयार रहे। मरीजों के उपचार एवं प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी अथवा अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सतर्कता रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी लक्षण होने पर स्वयं उपचार करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
Uk live चेनल / ब्लॉग उत्तराखण्ड के साथ साथ अन्य राज्यों के लोगों की मूलभूत समस्याओं को उठाने के लिए…
To Top