ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : गंगा की प्रचंड धारा में बह रहे एक ही परिवार के चार लोगों को टिहरी पुलिस ने मौत के मुंह से सकुशल निकाला l
जानकारी के मुताबिक 13 जुलाई को मुनिकीरेती क्षेत्र स्थित शत्रुघ्न घाट पर जयपुर (राजस्थान) से आया एक परिवार गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य नानू का पैर फिसलने से वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते चारों डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर ड्यूटी पर तैनात टिहरी पुलिस एवं आपदा राहत दल ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए गंगा की तेज धारा में छलांग लगा दी। लाइफ बॉय की सहायता से सभी चारों व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया। पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू के उपरांत सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक सहायता प्रदान की गई। सकुशल बचाए जाने पर परिवार के सदस्यों ने टिहरी पुलिस, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल का हृदय से आभार व्यक्त किया।
टिहरी पुलिस ने जनता से अपील की है कि मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर एवं बहाव अत्यधिक तेज रहता है। सभी श्रद्धालु एवं पर्यटक गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित सुरक्षित स्थलों पर ही स्नान करें तथा चेतावनी संकेतों एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
रेस्क्यू टीम मे हेड कांस्टेबल विदेश चौहान, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, गोताखोर पियूष चौहान, गोताखोर महेंद्र चौधरी सिंह, संतोष कुमार रहे l


