ज्योति डोभाल संपादक
चंबा। ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति की सचिव कुंभीबाला भट्ट के आकस्मिक निधन पर समिति परिवार, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
समिति के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने कहा कि कुंभीबाला भट्ट वर्ष 1996 से ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति के साथ जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहीं। लगभग तीन दशकों तक उन्होंने समिति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया और सामाजिक सरोकारों को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि कुंभीबाला भट्ट ने एक गांव को निर्मल गांव बनाने, महिलाओं के उत्थान और सशक्तीकरण, कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध जागरूकता, दिव्यांगजनों को सहायता दिलाने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समिति की ‘शराब नहीं, संस्कार’ मुहिम को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों को नशामुक्त सामाजिक वातावरण के लिए तैयार करने में भी उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने कुंभीबाला भट्ट के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि “कुंभीबाला भट्ट के निधन का अत्यंत शोक-विह्वल कर देने वाला समाचार प्राप्त हुआ है। मैं स्तब्ध हूं। नारी सशक्तिकरण में उनकी अग्रणी और सराहनीय भूमिका रही है। एक संघर्षशील सामाजिक व्यक्तित्व का गोलोक गमन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने दिवंगत आत्मा को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुशील बहुगुणा ने कहा कि कुंभीबाला भट्ट केवल समिति की सचिव नहीं थीं, बल्कि लगभग तीन दशकों से सामाजिक कार्यों में उनकी एक समर्पित, कर्मठ और विश्वसनीय सहयोगी थीं। समिति के विचारों और सामाजिक अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने में उन्होंने कभी पीछे हटकर नहीं देखा। उनका आकस्मिक निधन समिति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
उनके साथ लंबे समय तक सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ी रहीं लक्ष्मी बहुगुणा, जगदीश बडोनी, रवीश चमोली और धर्मेंद्र पंवार ने भी कुंभीबाला भट्ट के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कुंभीबाला भट्ट का सरल स्वभाव, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


