ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : बीजेपी नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ प्रमोद उनियाल ने टिहरी पहुंचे मुख्य सचिव आनंद वर्धन को टिहरी शहर के ढुंगीधार सेक्टर-13 A एवं 5A क्षेत्र में सीवर लाइन की निकासी हेतु स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था किए जाने के संबंध में सामूहिक ज्ञापन सौंपा l
पत्र मे उन्होंने कहा कि टिहरी शहर के ढुंगीधार, सेक्टर-13 A एवं 5 A क्षेत्र के समस्त नागरिक, आपका ध्यान हमारे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सीवर निकासी की गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करना चाहते हैं।
वर्तमान में क्षेत्र की सीवर लाइन की निकासी व्यवस्था अपर्याप्त होने के कारण सीवर का पानी कई स्थानों पर एकत्रित हो जाता है, जिससे दुर्गंध, गंदगी एवं संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। बरसात के समय यह समस्या और अधिक विकराल रूप धारण कर लेती है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित होता है तथा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और कहीं ना कहीं ये प्रधानमंत्री जी का स्वच्छ भारत और विकसित भारत के सपने में खरा नहीं उतर रहा है।
कहा कि ढुंगीधार सेक्टर-13 A एवं 5 A क्षेत्र टिहरी शहर के महत्वपूर्ण आवासीय क्षेत्र हैं, जहाँ बड़ी संख्या में परिवार निवासरत हैं। सीवर निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नागरिकों को निरंतर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में स्थानीय स्तर पर कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने मुख्य सचिव से निवेदन करते हुए कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए-
ढुंगीधार सेक्टर-13 A एवं 5 A क्षेत्र की सीवर निकासी हेतु व्यवस्था का उच्चस्तरीय तकनीकी निरीक्षण कराया जाए।
सीवर लाइन की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं विस्तार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। सीवर जल के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण हेतु स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए जाएँ।


