ज्योति डोभाल संपादक
गजा (डी पी उनियाल): विकास खंड चम्बा की मखलोगी पट्टी के तुंगोली गाँव के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रधान देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में जिलाधिकारी टिहरी से मुलाकात कर घंटाकर्ण पेयजल पम्पिंग योजना से की जा रही अनियमित जलापूर्ति की शिकायत करते हुए नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। तुंगोली गाँव के सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह रावत ने बताया कि ग्राम पंचायत के गांवों में विगत 5-6 माह से नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। बताया कि घंटाकर्ण पेयजल पंम्पिग योजना से गाँव की पेयजल आपूर्ति होती आयी है लेकिन विगत पांच छः माह से एक सप्ताह में एक दिन ही पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे ग्रामीण परेशान हैं। ग्राम पंचायत प्रधान देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी टिहरी कार्यालय में शिकायत दर्ज की है। देवेंद्र सिंह रावत, विक्रम सिंह रावत, किशन सिंह, रविंद्र सिंह, बिक्रम सिंह ने अनुरोध किया कि अधिशासी अभियंता जल निगम चम्बा से शीघ्र पेयजल समस्या का समाधान कराया जाय।


