नागदेव पथल्ड में आत्मनिर्भरता की पहल शुरू महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण आरंभ, ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति की पहल पर खुला सिलाई

Uk live
0

ज्योति डोभाल संपादक 



नई टिहरी। चंबा ब्लॉक के नागदेव पथल्ड में ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी की पहल पर और सेवा टीएचडीसी के वित्तीय सहयोग से चार माह का निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू हो गया है। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित यह केंद्र स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता और ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने रिबन काटकर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सेवा टीएचडीसी की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। आज के समय में आत्मनिर्भर बनने के लिए कौशल विकास सबसे बड़ा साधन है। हमारी कोशिश है कि हर गांव की महिलाएं अपने हुनर से आत्मसम्मान और आजीविका दोनों हासिल करें।

विशिष्ट अतिथि कुडियाल गांव के प्रधान गोपाल सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। जब महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होती हैं तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है।

प्रशिक्षण में महिलाओं को मार्गदर्शन दे रही मास्टर ट्रेनर रेखा नकोटी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर प्रशिक्षु इस कोर्स के बाद खुद अपने स्तर पर कपड़े तैयार कर सके। सिलाई केवल एक कला नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का माध्यम है। इस मौके पर स्वाडी गांव की प्रधान संतोषी गुसाईं, स्यूल गांव के प्रधान देव सिंह गुसाईं, गौरी गुसाईं आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
Uk live चेनल / ब्लॉग उत्तराखण्ड के साथ साथ अन्य राज्यों के लोगों की मूलभूत समस्याओं को उठाने के लिए…
To Top