डी पी उनियाल गजा टिहरी
विकास खंड चम्बा मे मखलोगी पट्टी के ग्राम पंचायत फैगुल छानी टोलका तोक मे गूल मरम्मत नहीं होने के कारण काश्तकार नरेंद्र सिंह धनोला व अन्य ग्रामीणों की बागवानी व नगदी फसलों के लिए संकट हो गया है। उक्त तोक मे सिंचाई के लिए आने वाली गूल विगत कई वर्षों से क्षति ग्रस्त है। काश्तकार नरेंद्र सिंह धनोला ने बताया कि काफी मेहनत करके क्षति ग्रस्त गूल पर गोबर एवं मिट्टी लगाकर थोड़ा सा पानी लाने का जुगाड़ करते आ रहे थे ताकि आम, अमरुद, लीची, कटहल, आडू, आदि के पेड़ों व नगदी फसलों हल्दी, अदरक, मिर्च,अरबी, राई, पालक, बीन, तैयार कर रोजगार से आय हो सके लेकिन लघु सिंचाई विभाग के उदासीन रवैया के कारण कठिनाईयों का सामना करना पड रहा है। एक ओर सरकार किसानों की आय बढाने के लिए प्रयासरत है तो वहीं विभागीय अधिकारी गहरी नींद में हैं, नरेंद्र सिंह धनोला ने कहा कि शुद्ध आर्गेनिक मसाले तैयार करने के लिए वह मेहनत कर रहे हैं,लेकिन पानी नहीं होने से हल्दी, मिर्च, अदरक आदि नहीं उगाई जा रही हैं, कहा कि 26 मार्च 2025 को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नई टिहरी को गूल मरम्मत के सम्बंध में पत्र भेजा गया है साथ ही दिनांक 07 नवम्बर 2024 को ग्राम पंचायत फैगुल की आम बैठक में प्रस्ताव संख्या 04 मे उक्त गूल मरम्मत के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। ग्राम पंचायत की खुली बैठक में छानी टोलका तोक की गूल मरम्मत के लिए लघु सिंचाई विभाग को भेजे प्रस्ताव मे गूल मरम्मत अथवा 4 ईंच का प्लास्टिक पाइप लगाने की मांग की गई है, लेकिन अभी तक गूल मरम्मत करने की सुध नहीं ली गई है। पूर्व सैनिक संगठन के प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह धनोला ने तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है।विदित हो कि यहाँ पर कई वर्षों पहले सिंचाई की दो गूलों से सैकड़ों नाली भूमि पर धान व गेंहू की फसल लहलहाती थी। लेकिन अब पानी नहीं होने के कारण खेत बंजर होने लगे हैं।


