उत्तरकाशी
रिपोर्ट. वीरेंद्र नेगी
आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाले पौराणिक,धार्मिक माघ मेले की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण की अध्यक्षता में बैठक हुई।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में पौराणिक माघ मेले को भव्य स्वरूप देने हेतु आमंत्रित किए गए जनपद के प्रबुद्ध नागरिकजनों एवं गणमान्य लोगों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
अध्यक्ष बिजल्वाण ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से माघ मेले का आयोजन पुलिस की चैकसी के साथ ही स्थाई रूप से सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में सम्पन्न होगा। माघ मेले में 6 लाख रूपये के नाईटवीजन कैमरे स्थाई तौर पर क्रय किए जाएगें। ताकि माघ मेले के सम्पन्न होने के बाद भी जनपद में अराजक व शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। जिसकी माॅनिटरिंग पुलिस विभाग द्वारा निरन्तर की जाएगी। उन्होंने कहा कि पौराणिक माघ मेले में जनपद की संभ्रांत जनता व महिलाएं प्रतिभाग करती है। इसलिए महिलाओं की सुरक्षा करना भी हम सबका कर्तव्य है।
अध्यक्ष बिजल्वाण ने बताया कि माघ मेले को सुव्यवस्थित व भव्य स्वरूप दिया जाएगा इस हेतु मेले का विस्तार किया जाएगा। ताकि मेलार्थियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करने पड़े। इस हेतु एक बड़ी स्क्रीन में मेले से संबंधित जानकारी भी मेलार्थियों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेले में सरकारी विभागों के विभागीय स्टाॅल भी स्थापित किए जाएं ताकि जनता मेले के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उठा सके। उन्होंने माघ मेले में घाटों की साफ-सफाई, चैजिंग रूम,बिजली,पानी,अलाव आदि की समुचित व्यवस्था समय रहते पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि तांबाखानी सुरंग व जोशियाड़ा पुल लोगों के आवागमन का मुख्य मार्ग हैं इस हेतु विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर इन स्थानों पर वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। मेले को भव्य स्वरूप देने हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया। स्वागत समिति,निगरानी,कलश यात्रा,डोली उप समिति,कवि सम्मेलन उप समिति,पत्रकार समिति,परिवहन उप समिति,स्वास्थ्य एवं साफ सफाई उप समिति,डोली समिति,सांस्कृतिक उप समिति,सुरक्षा व्यवस्था उप समिति,खेलकूद उप समिति,विद्युत/पेयजल उप समिति,कुल 13 समिति का गठन किया गया। जो अपने-अपने जिम्मेदारियों एंव दायित्वों का निर्वहन करेगी।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कविता परमार, अध्यक्ष नगर पालिका रमेश सेमवाल, पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी पीसी डंडरियाल,सीएमओ डा.डीपी जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रभाकर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह,मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल भंडारी, जिला पूर्ति अधिकारी गोपाल मटूड़ा, अधिशासी अभियंता बीसी डोगरा,वित्त अधिकारी जिला पंचायत धर्मेन्द्र रावत,ग्लेशियर लेडी शांति ठाकुर,सहित नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य एवं प्रबुद्ध नागरिक व गणमान्य लोग मौजूद थे।


