ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश नितिन शर्मा के निर्देशानुपालन में मगलवार 15 सितम्बर को "अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस" के अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम के तत्वावधान में विकासखण्ड थौलधार, जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय कमांद,थौलधार, टिहरी गढ़वाल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव ने कहा कि" अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस" प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर को दुनिया भर में लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। लोकतंत्र केवल चुनाव प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव अधिकारों, स्वतंत्रता और नागरिक सहभागिता का प्रतीक है। लोकतंत्र की वास्तविक ताकत उसके जागरूक नागरिकों और मजबूत कानून व्यवस्था में निहित है। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। वर्तमान समय में भारत को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र माना जाता है। भारत में प्राचीन काल से ही लोकतांत्रिक मूल्यों की जड़ें मजबूत रही हैं। भारत का संविधान हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार, विचार अभिव्यक्ति की आजादी और मतदान का अधिकार देता है। साथ ही सचिव द्वारा उपस्थित छात्र छात्राओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की जनकल्याणकारी योजनाओं और मौलिक अधिकारों की जानकारी दी गई l
उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग का कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रहे, इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव तत्पर है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर गौरी सेवक, राजकीय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य चिन्तामणी वर्मा,प्रभारी पुलिस चौकी कमांद जुगल किशोर भट्ट, रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, अधिकार मित्र सोमवारी लाल सकलानी 'निशान्त' समस्त शिक्षकगण एवं महाविद्यालय व राजकीय इंटर कालेज कमांद के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।