ज्योति डोभाल संपादक
नई टिहरी। टिहरी जनपद में बीते शनिवार शाम आई तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि ने काश्तकारों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
विकासखंड भिलंगना के आरगढ़ पट्टी अंतर्गत सुनार गांव समेत कई क्षेत्रों में फलदार पौधों और गेहूं की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, इस मौसम में तैयार हो रही आड़ू, खुबानी, अखरोट, कीवी जैसी नकदी फसलें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर गेहूं की खड़ी फसल भी ओलावृष्टि की चपेट में आकर बर्बाद हो गई।
सुनार गांव में बागवानी कर रहे किसान करण सिंह नेगी और धनपाल सिंह नेगी ने वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी से अपने बगीचे तैयार किए थे। इस बार अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए तूफान और ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों को झकझोर कर रख दिया।
उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के साथ हुई ओलावृष्टि ने आड़ू, आम, अखरोट, खुमानी और कीवी के पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचाया है। फल झड़ गए और कई पौधे भी क्षतिग्रस्त हो गए। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें इस आपदा से कुछ राहत मिल सके।


