ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : जाख़णीधार ब्लॉक के अंतर्गत कांडी गांव में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष उदय रावत ने अपने पुत्र का मुण्डन संस्कार पूर्णतः नशामुक्त वातावरण में सम्पन्न कर एक सकारात्मक सामाजिक संदेश दिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में नशे से दूर रहकर संस्कारों को प्राथमिकता देने की पहल ने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में “शराब नहीं संस्कार मुहिम” के प्रणेता सुशील बहुगुणा द्वारा उदय रावत को सम्मानित करते हुए उनके इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की गई। उन्होंने कहा कि सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाना समय की आवश्यकता है और इस प्रकार के प्रयास समाज में नई सोच और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई, राज्य मंत्री धन सिंह नेगी, विनोद सुयाल, मंडल अध्यक्ष चम्बा नीरज खत्री, संदीप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष उदय रावत ने अपने संबोधन में कहा कि “हमारी संस्कृति में संस्कारों का विशेष महत्व है और हमें अपने सामाजिक व पारिवारिक आयोजनों को नशामुक्त बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।”
वहीं सुशील बहुगुणा ने कहा कि “शराब नहीं संस्कार मुहिम का उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि खुशी के अवसरों को नशे से नहीं, बल्कि संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों से मनाया जाए। उदय रावत जी का यह कदम निश्चित रूप से समाज में जागरूकता बढ़ाएगा और अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगा।”
टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे नशामुक्त आयोजन सामाजिक सुधार की दिशा में मजबूत कदम हैं, जो युवाओं को सही मार्ग दिखाते हैं।” वहीं देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव इसी प्रकार की पहल से संभव है।
कार्यक्रम के माध्यम से न केवल एक पारिवारिक परंपरा का निर्वहन हुआ, बल्कि नशामुक्त समाज निर्माण का सशक्त संदेश भी दिया गया, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।


