ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी के विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटा स्यूटा में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। बैठक में गांव में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए सामाजिक जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से इसे रोकने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
ग्राम सभा में निर्णय लिया गया कि गांव में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के लिए ग्राम सुधार समिति का गठन किया जाए। यह समिति गांव में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, बैठकों तथा सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी और नशा मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में कार्य करेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से सीमा को ग्राम सुधार समिति का अध्यक्ष, जयेंद्र भण्डारी को उपाध्यक्ष तथा अंकित बिष्ट सचिव का चयन किया गया। समिति में गांव के अन्य जागरूक नागरिकों को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जो इस सामाजिक अभियान को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर “शराब नहीं संस्कार” अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने ग्रामीणों को नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि गांव स्तर से शुरू हुई ऐसी पहल पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ, संस्कारित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।
बैठक में प्रधान दर्शनी देवी की अध्यक्षता में की गई, इस अवसर पर ममता सीता देवी सविता सुशीला लक्ष्मी शांति, गुड् संतोष, उर्मिला, सुनीता, रजनी, पूजा, हंसा देवी ऊषा दिनेश भंडारी अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने गांव को नशा मुक्त बनाने के इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।


