रिपोर्ट- सोमवारी लाल सकलानी 'निशांत'।
चंबा : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव और मेधावी छात्र सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों, छात्र-छात्राओं के अभिभावकों और बड़ी संख्या में नगर वासियों ने प्रतिभा किया।
गढ़वाली,कुमांऊनी, हरियाणवी, जौनसारी और जौनपुरी गीतों की सुंदर स्वर लहरियों तथा नृत्य नाटिकाओं के साथ कार्यक्रम में समां बंधी रही। सबसे बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुति बच्चों के द्वारा अतीत को याद करते हुए सुंदर नृत्य नाटिका का मंचन रहा। वृद्धावस्था में बचपन को अपनी भावनाओं के द्वारा बुलाया गया।
'कख गई दगड़्या उ बचपन प्यारू' रही। "कखि हमून दगड़्या ढुंगा ठुराई / कखि हमून दगड़्या गोरू चराई/स्कूल जैक गुरुजी की पिटाई/ घर ऐक हमून ब्वै-बुबा संताई/ पंद्रह पच्चीसी मं अक्ल नि आई/ परदेस जैक ठोकर हमून खायी----" लोक जीवन की अनेक ऐसी प्रस्तुतियों से श्रोतागण मंत्र मुग्ध हुए। इसके अलावा सुंदर गीत- संगीत नृत्य के साथ योगाभ्यास भी बच्चों के द्वारा प्रस्तुत किया गया। कई दिनों से आचार्य वर्ग ने कड़ी मेहनत के साथ बच्चों की तैयारी करवायी।
विद्या भारती द्वारा संचालित शिशु मंदिर और विद्या मंदिर के संयुक्त कार्यक्रम में हमेशा बड़ी संख्या में अभिभावकों के साथ-साथ जन-सैलाब उमड़ जाता है। बच्चों की मन मोहक प्रस्तुति देखकर लोग अपनी संस्कृति पर गर्व करते हैं।
वार्षिकोत्सव के मौके पर हाई स्कूल के 31 और इंटर के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं जो परिषदीय परीक्षा 2025 में 75% से अधिक अंक प्राप्त किये, उनकी माताओं को 'कमला नेहरू पुरस्कार' से सम्मानित किया गया और प्रत्येक माता को अंग वस्त्र,मोमेंटो और ₹1000 की धनराशि का चेक प्रधानाचार्य इंद्रपाल परमार ने अतिथियों के हाथों वितरित किए।
मुख्य वक्ता के रूप में विद्या भारती गढ़वाल के संभाग निरीक्षक नत्थीलाल बंगवाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों के भैय्या- बहिन शिक्षा के साथ संस्कार भी ग्रहण करते हैं। बच्चों की चहुंमुखी प्रगति हेतु अपने अनुभवों को साझा किया तथा उन्हें आशीर्वाद दिया। पूर्व विधायक धन सिंह नेगी ने भी अपने संबोधन में विद्या भारती की गरिमा और वहां से शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं के अनुशासन, नैतिकता और आदर्शो की सराहना की। कार्यक्रम अध्यक्ष सेवानिवृत शिक्षक सतेश्वर प्रसाद कोठियाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों उत्कृष्ट कहते हुए, भविष्य में इसी प्रकार से शिक्षा- संस्कृति, स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सज्वाण, विद्यालय प्रबंधक विरेन्द्र सिंह नेगी,अतर सिंह तोमर, डॉक्टर प्रमोद उनियाल, साहित्यकार सोमवारी लाल सकलानी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, गुरु प्रसाद उनियाल, पूर्व छात्र, पूर्व और वर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष-एस आर टी परिसर,सभासद गण, विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन बच्चों के द्वारा किया गया। आचार्य सुरजीत पुंडीर और महावीर सिंह नेगी द्वारा छात्रों के संचालन में सहयोग किया गया। प्रधानाचार्य इंद्रपाल सिंह परमार ने समारोह संपन्न करवाने के लिए अपनी पूरी टीम और छात्र-छात्राओं को धन्यवाद दिया तथा समस्त अतिथियों के उपस्थित होने के लिए आभार प्रकट किया।


