वीरेंद्र सिंह नेगी
उत्तरकाशी - प्याज की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ आज जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के नेतृत्व में उत्तरकाशी बाजार के नगर क्षेत्र में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्याज, पेट्रोल, रसोई गैस की कीमतों पर केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकारों के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बसअड्डे के समीप भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यालय गांधी वाचनालय में इकट्ठा हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्याज की मालायें पहन कर बढ़ती हुई महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम को भेजे ज्ञापन में महंगाई, बेरोजगारी, और अन्य ज्वलंत मुद्दों पर मांग की कि जल्द से जल्द इन तमाम मुद्दों पर नियंत्रण कर जनता को राहत देने का काम करें। देश मे आज मंदी कि वजह से युवा बेरोजगार बैठे है, जहां देश को 8 से 9 प्रतिशत विकास दर की उम्मीद थी, वहीं यह गिरते हुए 4.5 प्रतिशत पर आ गई है, जो स्वीकार्य नहीं है। कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि भारतीय अर्थव्यवस्था में तेज गिरावट आई है। इसके घातक परिणामों खासकर किसानों, युवाओं और गरीबों पर विनाशकारी असर से कोई भी इनकार नहीं कर सकता। अर्थव्यवस्था की स्थिति काफी चिंताजनक है और उससे भी बुरी बात यह है कि समाज की स्थिति और भी ज्यादा चिंताजनक है। बेरोजगारी की दर में सुधार के कोई संकेत नहीं दिखाई देते हैं, हर दिन हजारों भारतीय अपनी नौकरी और आजीविका खो दे रहे हैं।
भाजपा सरकार में आमजन त्रस्त है। भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार जनाकांक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही है। हाल ही में राज्य की त्रिवेंद्र सरकार द्वारा एक और अनैतिक निर्णय लिया गया है, हमारी आस्था के प्रतीक चारधाम और चारधामों ने हमारे तीर्थ पुरोहितों के हक-हकूकों को समाप्त कर श्राइन बोर्ड का गठन करने जा रही है, जिसका कांग्रेस पार्टी घोर विरोध करती है ।
इसी परिपेक्ष्य में आज पूर्व विधायक सजवाण के नेतृत्व में कांग्रेस कमेटी ने अपना समर्थन तीर्थ पुरोहितों को दिया जो इस अमानवीय फैसले के खिलाफ कलक्ट्रेट उत्तरकाशी में क्रमिक अनशन पर बैठे है।



