ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश नितिन शर्मा के निर्देशानुपालन में गुरुवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दयाराम के तत्वावधान में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, रौतु की बेली, विकासखण्ड जौनपुर, जनपद टिहरी गढ़वाल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी एवं नैतिक मूल्यों की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, साइबर अपराध तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या अथवा अन्याय की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
सचिव द्वारा बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा अन्य अक्षमताओं के कारण न्याय से वंचित न रहे। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को कानून के प्रति संवेदनशील बनाने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सचिव महोदय द्वारा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन, उनके संघर्ष, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा शिक्षा के प्रति उनके समर्पण के बारे में विद्यार्थियों को उनके प्रेरणादायी विचारों से सीख लेते हुए जीवन में अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
स्थायी लोक अदालत के बारे में बताते हुए सचिव महोदय द्वारा छात्र-छात्राओं को बताया गया कि स्थायी लोक अदालत सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित विवादों के निस्तारण के लिए एक महत्वपूर्ण वैधानिक व्यवस्था है। इसके अंतर्गत परिवहन, डाक, दूरभाष, विद्युत, जलापूर्ति एवं अन्य अधिसूचित सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित विवादों का निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार समाधान किया जा सकता है। इसका उद्देश्य विवादों का त्वरित एवं सुलभ निस्तारण सुनिश्चित करना है।
उक्त कार्यक्रम के सफल सम्पादन में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, रौतु की बेली के प्रधानाचार्य श्री संजय कुमार बर्मा, थाना प्रभारी थत्यूड़ श्री अजय कृष्ण और उनकी पुलिस टीम, रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, परविधिक स्वयंसेवी श्री सोमवारी लाल सकलानी 'निशान्त', गुड्डी देवी, कृष्णा रौतेला, कविता, एवं विद्यालय के समस्त विद्वान शिक्षकगण एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।