ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन एवं आगामी सोमवती अमावस्या के दृष्टिगत मुनिकीरेती, तपोवन, ढालवाला एवं आसपास के क्षेत्रों में वाहनों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे एवं क्षेत्राधिकारी मुनिकीरेती सुरेन्द्र सिंह भंडारी द्वारा स्वयं यातायात व्यवस्था की मॉनिटरिंग की गई।
आज SSP श्वेता चौबे द्वारा तपोवन, ब्रह्मानंद मोड़, ढालवाला सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों एवं चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित जाम की स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गईं।
यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हेतु CCTV कैमरों, कंट्रोल रूम एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार नजर रखी गई। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों का चरणबद्ध संचालन एवं डायवर्जन व्यवस्था भी लागू की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद पुलिस पूरी तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


