ज्योति डोभाल संपादक
टिहरी : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सचिव एवं सीनियर सिविल जज श्री दयाराम ने जनपद भर के पराविधिक स्वयंसेवियों (पीएलवी) की वर्चुअल मासिक बैठक आयोजित कर उन्हें विधिक जागरूकता कार्यक्रमों एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्याय सबके लिए है और कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचनी चाहिए। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (न्याय मित्र) की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, निर्धन, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं पूर्व सैनिक जैसे वर्गों को न्याय से वंचित न रहने देना न्याय मित्रों का महत्वपूर्ण दायित्व है। न्याय मित्रों को निर्देशित किया गया कि वे विधिक जानकारियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जान भी लोगों तक पहुंचाएं और जरूरतमंदों की सहायता करें।
लगभग एक घंटे तक चली इस वर्चुअल बैठक में सीनियर सिविल जज ने कहा कि न्याय मित्र केवल जागरूकता फैलाने का ही कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और न्याय व्यवस्था के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका भी निभाते हैं। वे अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों की नियमित रिपोर्टिंग करते हैं तथा लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी उपायों के प्रति जागरूक बनाते हैं।
उन्होंने आगामी विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही "सुरक्षित ईंधन और सुरक्षित जीवन" विषयक जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम तथा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा अभियान को भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।
सीनियर सिविल जज ने कहा कि जनपद के अधिकांश पराविधिक स्वयंसेवी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जिससे आम जनता को सकारात्मक लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समय-समय पर विधिक साक्षरता शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, मेगा कैंप एवं लोक अदालतों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को कानून संबंधी जानकारी उपलब्ध कराता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण विभिन्न विषयों पर छोटी-छोटी पुस्तिकाओं एवं ई-बुक्स के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराता है जिन्हें डाउनलोड कर लाभ ले सकते हैं l
सभी न्याय मित्रों को दिए गए निर्देशों का समुचित पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पराविधिक स्वयंसेवियों ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी कार्यालय से निशा ने भी बैठक के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।


