ज्योति डोभाल संपादक
चंबा (टिहरी गढ़वाल): ग्राम सभा नागदेवपत्थल्ड में टीएचडीसी के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी द्वारा संचालित चार माह का महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित समापन कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गीता डबराल (वार्ड-17, चंबा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
जिला पंचायत सदस्य गीता डबराल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अत्यंत सराहनीय पहल हैं। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी प्रशिक्षकों, आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने कार्यक्रम के संयोजक सुशील बहुगुणा का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से उन्हें यह प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जो भविष्य में उनके लिए आजीविका का साधन बनेगा।
इस अवसर पर संतोषी देवी ग्राम प्रधान स्वाड़ी, गोपाल सिंह ग्राम प्रधान कुड़ियाल गांव, मास्टर ट्रेनर रेखा नकोटी, गौरी देवी, कुम्भीवाला भट्ट तथा लक्ष्मी बहुगुणा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं उन्हें निरंतर अभ्यास कर स्वरोजगार अपनाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा सभी ने टीएचडीसी एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।


