Team uklive
चंबा। चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव और जाखणीधार ब्लॉक के गेंवली गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी की पहल पर ढरसाल और गेवंली गांव में गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इन गोष्ठियों में महिलाओं के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में चर्चा की गई और स्वरोजगार के अवसरों पर जोर दिया गया।
गेंवली गांव में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ जाखणीधार की ब्लॉक प्रशासक सुनीता देवी ने किया। उन्होंने महिलाओं को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनसे इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील भी की।
सुनीता देवी ने ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा द्वारा चलाए जा रहे ‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मुहिम समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है और क्षेत्र के लोग इसे पूरे उत्साह के साथ अपना रहे हैं। कार्यक्रम में एफपीओ के अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नारी सशक्तिकरण के इस पर्व को पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया। इस मौके पर ग्राम प्रशासक हर्षमणि सेमवाल, कृष्णा देवी, रेखा देवी, रजनी देवी, संस्था की सचिव कुंभीबाला भट्ट, लक्ष्मी बहुगुणा, सुषमा देवी, रीता देवी, शैला देवी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।