Team uklive
चम्बा : नगर पालिका परिषद चंबा को पहले वह खुले में शौच मुक्ति के लिए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था और देश भर में बावनवां स्थान प्राप्त हुआ। स्वच्छता के प्रति अच्छे कार्य के लिए चंबा नगर पालिका परिषद को 10,00,000 रुपए(दस लाख) की अनुदान राशि प्राप्त होना गर्व की बात है। इसमें नगर पालिका परिषद के समस्त स्वच्छक भाइयों, नगर वासियों, नगर पालिका परिषद के पदाधिकारियों और विशेष रूप से पूर्व अधिशासी अधिकारी शांति प्रसाद जोशी जी का भी बड़ा योगदान है।
सवाल यह नहीं है कि पुरस्कार अनुदान के रूप में क्या मिला या नहीं मिला बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि इस प्रकार के सकारात्मक कार्यों से नई ऊर्जा का संचार होता है और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। नकारात्मक विचारों, छींटाकशी और अकर्मण्यता दोष के कारण कुछ भी फायदा नहीं होता। समीक्षा जरूरी है। किसी भी कार्य को करने के लिए सकारात्मक सोच और पहल की जरूरत होती है।
अभी बुनियादी स्तर पर बहुत कुछ करने के लिए बाकी है। अभी बेहतर प्रयास करने होंगे। शहर के बाहरी क्षेत्रों में भी ध्यान देना होगा। सफाई पर ध्यान समय-समय पर सुझाव और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। शहर के आसपास के नाले- खाले, धार -गाड और निकटवर्ती स्थलों पर भी देना होगा। बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।
चंबा नगर पालिका परिषद, देश और प्रदेश के नगर पालिका परिषदों में बहुत छोटी है लेकिन भौगोलिक स्थिति के कारण बहुत सी नगर पालिका परिषदों से भिन्न है। शहर का विकास कोई नियोजित ढांचे में नहीं है। केवल यहां बसायत है। इसके लिए बहुत बड़ी कार्य योजना की जरूरत है। यह कार्य हमारे जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, तकनीकी विशेषज्ञ, शासन और प्रशासन के जानकार व्यक्ति मिल बैठकर कर सकते हैं।
चंबा के विस्तारीकरण के साथ-साथ शहर का सुनियोजित विकास भी जरूरी है। अतिक्रमण की चपेट में शहर को नहीं आना चाहिए। पेयजल की समस्याएं बढ़ती आबादी के कारण कठिनाइयां उत्पन्न कर रही हैं। उनको दूर करने का प्रयास किया जाए। साथ ही सीवरेज के लिए भी सर्वेक्षण की व्यवस्था करनी चाहिए। सुचारू आवागमन के लिए लिंक रोड बनाई जाएं तथा बहुत कन्जेस्टेड क्षेत्रों में वन वे ट्रैफिक की व्यवस्था की जाए तथा उसे सख्ती से लागू भी किया जाए। अवश्य आने वाला समय सुखद होगा। मुझे विश्वास है कि नगर पालिका परिषद एक दिन प्रदेश में रोल मॉडल के रूप में जानी जाएगी। फिलहाल सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छक भाइयों को हार्दिक बधाई।
कवि:सोमवारी लाल सकलानी, निशांत।
(स्वच्छता ब्रांड एंबेस्डर)
नगर पालिका परिषद चंबा, टिहरी गढ़वाल।