रिपोर्ट : वीरेन्द्र नेगी
उत्तरकाशी : कोरोना वायरस (कोविड 19) के संक्रमण चैन को तोड़ने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लाॅक डाउन की अपील का पालन करते हुए गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत पूरा दिन उत्तरकाशी कोर्ट रोड स्थित अपने आवास पर ही बिता रहे हैं।
सुबह योगाभ्यास से दिन की शुरूआत कर विधायक जी पूजा पाठ के बाद कुछ देर समाचार पत्रों और न्यूज चैनल देखकर देश दुनिया में चल रही गतिविधियों की जानकारी लेते हैं। इसके बाद फोन से क्षेत्र के हालातों की जानकारी लेना का सिलसिला शुरू होता है।
यह क्रम नाश्ते के बाद भी दोपहर के भोजन तक चलता है। गंगोत्री विधायक आम लोगों की समस्याओं को फोन पर सुनकर संबंधित विभागीय अधिकारी को इस बारे में फोन से ही अवगत करवाकर समस्या के निराकरण का प्रयास करते हैं।
विधायक लाॅक डाउन की इस अवधि में रसोई में भी हाथ आजमा रहे हैं। कई बार दोपहर का भोजन तो कई बार रात का भोजन विधायक खुद ही तैयार करते हैं। व्यस्ततम कार्यक्रमों की वजह से आम दिनों में गंगोत्री विधायक को शायद ही किचन में जाकर खाना बनाने का समय मिल पाता हो लेकिन लाॅक डाउन की वजह से इन दिनों घर में रहते हुए विधायक गोपाल सिंह रावत यह शौक भी पूरा कर रहे हैं।
परिवार के लिए खाना बनाकर खाना परोसने का काम भी विधायक गोपाल सिंह रावत खुद ही करते हैं।
दोपहर भोजन के बाद भी कुछ देर आराम करने के बाद फोन पर कार्यकर्ताओं लोगों से बातचीत कर उनके हाल चाल जानने का क्रम देर शाम तक जारी रहता है।
वहीं, गंगोत्री विधायक उन लोगों से भी लगातार संपर्क में है जो लोग लाॅक डाउन की वजह से राज्य व जनपद से बाहर फंसे हुए हैं, जिन लोगों ने पहले विधायक ने संपर्क कर अपनी स्थिति से अवगत कराया था गंगोत्री विधायक आज भी उनसे लगातार संपर्क कर उनके लिए उक्त राज्य सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं की भी जानकारी लेते रहते हैं।
विधायक दिन में डुंडा व भटवाड़ी एसडीएम से भी वार्ता कर ब्लाॅक में बाहरी राज्यों के मजदूरों, फंसे हुए लोगों की भी जानकारी लेते रहते हैं साथ ही यह भी सुनिश्चित करते हैं कि उक्त को भोजन व आवासीय व्यवस्था मिलती रहे।
वहीं, विधायक ने बाहर के राज्यों में फंसे उत्तरकाशी के युवाओं को भोजन, आवास व स्वास्थ्य सेवाएं जैसी बुनियादी सुविधाएं देने के लिए संबंधित राज्य में स्थापित कोविड 19 कंट्रोल रूम में संपर्क कर, उक्त राज्य में भाजपा की ओर से नियुक्त समन्वयकों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेते रहते हैं। वहीं, जनपद में बाहरी राज्यों के मजदूरों, पर्यटकों, कामगार को लेकर अलग अलग राज्यों से भाजपा के विधायकों, समन्वयकों के फोन काॅल का जवाब देने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करते हैं
कि जनपद में फंसे इन मजदूरों, कामगारों पर्यटकों को जरूरी सुविधाएं मिलती रहे।
गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत बाहर जाने से पूरी तरह से परहेज कर रहे हैं। विधायक कहते हैं कि यह मुश्किल घड़ी है और इस समय खुद को घर के अंदर सीमित कर देना ही सबसे बेहतर है जिससे कोरोना के वायरस चैन को तोड़ा जा सके।


