ज्योति डोभाल
नई टिहरी - जनपदभर में महात्मा गांधी जी एवं देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी जयन्ती सम्मानपूर्वक मनायी गयी। इस अवसर पर जनपद के सभी कार्यालयों, विद्यालयों व अन्य संस्थानों में गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पित कर गांधी जी एवं शास्त्री जी को नमन किया गया तथा उनकी देशभक्ति की भावना को याद किया। मुख्य कार्यक्रम नई टिहरी स्थित कलक्ट्रेट प्रांगण व बौराड़ी स्थित सांई चौक पर जिलाधिकारी डाॅ0 वी0 षणमुगम की अध्यक्षता में आयोजित हुए। जिलाधिकारी द्वारा कलक्ट्रेट प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में गंधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पित कर गांधी जी एवं शास्त्री जी को नमन किया। वहीं अपर जिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कलक्ट्रेट पुष्कर सिंह नेगी, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी खुशाल सिंह रावत सहित कलक्ट्रेट के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर गांधी जी एवं शास्त्री जी को नमन किया गया। वहीं रामधुन व अन्य भजनों का गायन किया गया। साथ ही गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि हमें गांधी जी एवं शास्त्री जी के सिद्धान्तों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सादगी, अहिंसा एवं कौशल विकास के गुणो को हमें अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने समाज के हर वर्ग के व्यक्ति को साथ लेकर चलने की बात कही थी। वहीं शास्त्री जी का सादगी एवं दृढ़ संकल्प स्वभाव हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा देश आर्थिक उन्नति सहित विज्ञान व अन्य क्षेत्रों में तरक्की कर रहा है किन्तु देश में महिला अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं जो चिन्ता का विषय हंै। उन्होंने महिलाओं का सम्मान करने तथा बेटे- बेटियों को बराबरी का अधिकार देने की बात कही। साथ ही बच्चों को महिलाओं का सम्मान करने के संस्कार देने की बात कही।
वहीं बौराड़ी स्थित सांई चौक पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा स्कूली छात्र- छात्राओं एवं स्थानीय जनता को सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे- प्लास्टिक के कप, चम्मच, प्लेट,थैलिया आदि का उपयोग न करने की शपथ दिलायी गयी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की स्वच्छता के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग का हमें त्यागना होगा। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बर्तन व थैलियां अनेक कैमिकल का प्रयोग कर बनाये जाते हंै जो कैन्सर सहित अनेक गम्भीर बीमारियों का कारण हैं। वहीं पर्यावरण के लिए भी घातक है। उन्हांेने जन सामान्य से अपील की कि वे बाजार जाने से पूर्व कपड़ो अथवा जूट से बने थैलों को साथ लेकर जायें। बच्चो में भी कूड़ा कूड़ेदान में डालने की आदत विकसित करंे। उन्होंने कहा कि जनपद को स्वच्छ बनाने में सभी की सहभागिता जरूरी है। जिलाधिकारी द्वारा बौराड़ी में श्रमदान कर क्षेत्र की सफाई में योगदान दिया गया। उनके द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा कलैक्शन वाहन को भी हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों में जैविक एवं अजैविक कूड़े के लिए अलग-अगल कूड़ेदान हैं।
Team uk live