चमोली - लोक सभा चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्षता एवं त्रुटिरहित संपन्न कराने हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने क्लेक्ट्रेट सभागार में सहायक रिटर्निंग आफिसर की बैठक लेते हुए आदर्श आचार संहिता का कडाई से पालन सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन दायित्वों का भंली भांति निर्वहन करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी सहायक रिटर्निग आफिसर को आरओ हैण्डबुक में दिये गये आयोग के दिशा निर्देशों का भी अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सहायक रिटर्निंग आफिसर का आदर्श आचार संहिता का कडाई से पालन सुनिश्चित करते हुए अपने क्षेत्रान्तर्गत एमसीसी की नियमित माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने सीविजिल एप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने एआरओ को चुनाव प्रचार रैली, जनसभा, जुलुस आदि की अनुमति देने के लिए तहसील में अलग से काउंटर स्थापित करने, निर्धारित समय में अनुमति प्रदान करने तथा एफएस व वीएसटी टीम को इसकी तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। सुविधा एप के माध्यम से आॅनलाइन प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का भी समय से निस्तारण करने को कहा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदेय स्थलों पर बिजली, पानी, शौचालय आदि मूलभूत सुविधाओं को 25 मार्च तक पूरा कराने के निर्देश संबधित विभागों को दिये गये है। उन्होंने सभी एआरओ को अपने विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत सभी मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का सैक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से तथा स्वयं भी निरीक्षण करने के निर्देश दिये। कहा कि बद्रीनाथ विधान सभा में एक तथा थराली विधानसभा में तीन मतदान केन्द्रों को वलनरेवल श्रेणी में रखा गया है। जबकि बद्रीनाथ विधान सभा के 18, थराली विधानसभा के 08 तथा कर्णप्रयाग विधान सभा के 06 मतदान केन्द्रों को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। इन मतदान केन्द्रों को मुख्य मार्ग से 5 किलोमीटर से अधिक पैदल दूरी के कारण तात्कालिक सहायता पहुॅचाने, मतदाताओं की संख्या अधिक होने, विभिन्न जाति समुदाय के मतदाता होने, राजनैतिक प्रतिद्वन्दता के कारणों से वलनरेवल व क्रिटिकल के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने चिन्हित वनरेवल एवं क्रिटिकल मतदेय स्थलों के आसपास के गणमान्य नागरिकों के संपर्क नम्बर भी अपने पास रखने को कहा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम प्रशिक्षण के लिए जिले में 60 मास्टर ट्रेनर तैयार किये गये है, जिन्हें शीघ्र ही विधान सभा क्षेत्र आवंटित किये जायेंगे। कहा कि कार्मिकों के रेन्डामाइजेशन के बाद 24 मार्च को सभी पीठासीन अधिकारियों व मतदान अधिकारियों को पहला प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने सभी एआरओ को अपने विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत स्वीप एक्टिविटी के लिए भी प्लान तैयार करने तथा स्वीप कार्यक्रमों में स्वयं भी प्रतिभाग करने के निर्देश दिये। कहा कि हर क्षेत्र के मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित किया जाय।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी एमएस बर्निया ने सभी एआरओ को आदर्श आचार संहिता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए चुनाव से संबधित दैनिक रिपोर्ट नियमित रूप से निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सभी एआरओ को आपस में समन्वय बनाकर बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिये, ताकि चुनाव कार्यो को त्रुटिरहित संपादित किया जा सके।
बैठक में सीटीओ/व्यय लेखा अनुवीक्षण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी वीरेन्द्र कुमार, एआरओ चमोली बुशरा अंसारी, एआरओ कर्णप्रयाग देवानन्द शर्मा, एआरओ थराली किशन सिंह नेगी, नोडल अधिकारी स्वीप डा0 एमएस सजवाण, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़, तहसीलदार दर्शन लाल मैठाणी आदि उपस्थित थे।
Team uk live


