पलास ग्राम पंचायत का बड़ा सामाजिक फैसला: शादी-समारोहों में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित, नियम तोड़ने पर ₹11000 का सामाजिक जुर्माना, रात 12 बजे तक ही होंगे कार्यक्रम

Uk live
0

ज्योति डोभाल संपादक 



टिहरी गढ़वाल : चंबा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पलास में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में ग्रामीणों ने सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शादी-समारोहों तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शराब के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने की, जिसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


बैठक में गांव में बढ़ती सामाजिक समस्याओं तथा युवाओं पर पड़ रहे नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए निर्णय लिया गया कि गांव में होने वाले शादी-समारोह, मुंडन तथा अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब-बीयर का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।


बैठक में यह भी तय किया गया कि विवाह समारोह सहित अन्य कार्यक्रम रात 12 बजे तक ही आयोजित किए जाएंगे। साथ ही यदि कोई बाहरी व्यक्ति शराब पीकर गांव में शोर-शराबा करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर ₹11000 का सामाजिक जुर्माना लगाया जाएगा।


ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने कहा कि यह निर्णय गांव के सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने और नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से लिया गया है। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे गांव के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


“शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा का कहना है —

“यदि गांव समाज मिलकर संकल्प ले ले तो नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। पलास ग्राम पंचायत का यह निर्णय समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।”

“मैं अन्य ग्राम पंचायतों से भी अपील करता हूं कि वे इस पहल से प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्रों में भी शादी-समारोहों और सामाजिक आयोजनों में नशे पर रोक लगाने का संकल्प लें।”

ग्राम समाज सुधार समिति के पदाधिकारी:

वीर सिंह राणा अध्यक्ष ,मकानी  देवी उपाध्यक्ष, विजयपाल सिंह  सचिव, कुसुम राणा सहसचिव, राजमती देवी कोषाध्यक्ष, कार्यकारणी सदस्य कांति  काजल  शशि मस्तराम नौटियाल पिंकी पुंडीर मनीषा राणा व प्रवीण राणा को बनाया गया है। जिनकी मासिक बैठक प्रत्येक माह के 15तारीख को होगी।

इस अवसर मुहिम से जुड़े कुंभीबाला भट्ट व लक्ष्मी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपलब्ध थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
Uk live चेनल / ब्लॉग उत्तराखण्ड के साथ साथ अन्य राज्यों के लोगों की मूलभूत समस्याओं को उठाने के लिए…
To Top