रिपोर्ट : ज्योति डोभाल
टिहरी : नगर पालिका परिषद, नई टिहरी के अंतर्गत चलाए जा रहे नियमित स्वच्छता अभियान के दौरान शहर के कुछ जागरूक युवाओं ने स्वयं आगे आकर नगर पालिका के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाई, जो कि समाज के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण है।
इन युवाओं में अक्षित भट्ट, प्रियांशु पंवार, अभिषेक भट्ट और नकुल तोमर प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने न केवल शहर की सफाई में सहयोग किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक कर्तव्य है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री मोहन सिंह रावत ने इन युवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा "जब टिहरी का युवा जागता है, तो शहर नहीं—संस्कृति संवरती है। ऐसे प्रयास यह विश्वास दिलाते हैं कि हमारा शहर एक दिन न केवल पर्यटन नगरी, बल्कि स्वच्छता की भी पहचान बनेगा।"
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर पालिका द्वारा हर शनिवार को अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई कार्य के बावजूद, कुछ गैर-जिम्मेदार नागरिकों द्वारा गंदगी फैलाना निरंतर जारी है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि नागरिकों का यह लापरवाह रवैया जारी रहा, तो नगर पालिका को आने वाले समय में ऐसे नागरिकों पर जुर्माना लगाने, चालान जारी करने और उनके नाम-पते व तस्वीर सार्वजनिक करने जैसे सख्त निर्णय लेने होंगे।
यह निर्णय केवल सजा देने के लिए नहीं, बल्कि जन चेतना और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना जगाने के लिए होगा।
शहरवासियों से यह अपील भी की गई कि "नई टिहरी को आदर्श और स्वच्छ बनाने का सपना तब ही साकार होगा जब हर नागरिक अपनी भूमिका को ईमानदारी से निभाए।"
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने शहरवासियों से अपील की कि टिहरी को सिर्फ पहाड़ों की रानी ही नहीं, स्वच्छता की राजधानी भी बनाएं।


