रिपोर्ट : ज्योति डोभाल
टिहरी : माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल द्वारा दिनांक 01.09.2023 से 15.09.2023 तक सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राधिकरण के सचिव श्री आलोक राम त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूलों एवं विद्यालयों मे विधिक जागरूकता शिविर लगाकर विद्यार्थियों को यातायात के सामान्य नियमों एवं सड़क यातायात के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है, जिसके लिए जागरूकता पर्चे भी छपवा कर बांटे जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस, संभागीय परिवहन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से जिले के विभिन्न चौराहों पर कैंप लगाकर आम जनमानस को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान स्कूल विद्यालयों में कैंपों के अतिरिक्त सड़क सुरक्षा विषय पर रैलियां, नुक्कड़ नाटक, ड्राइंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।


