टिहरी : टिपरी रोड पर मेराव गाँव के पास दर्दनाक हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक, टिपरी रोड पर मेहराब गांव के पास एक वैगेनार संख्या UK09A9329 कार बेकाबू होकर 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार नजदीकी शादी समारोह से अपने घर की ओर वापस आ रहे थे। कार में कुल 03 लोग सवार थे।
देर रात SDRF टीम को टिपरी रोड पर मेराव गांव में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त की सूचना प्राप्त होते ही आरक्षी अनूप रावत के हमराह रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिये रवाना हुई। रेस्क्यू टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचने के उपरान्त तुरन्त रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया।
SDRF जवानों द्वारा रात के अंधेरे में ही गहरी खाई में उतर कर घायल व्यक्ति को स्ट्रेचर की सहायता से मुख्य मार्ग पर लाया गया। इसके बाद इलाज के लिए 108 के माध्यम से नजदीकी अस्पताल बौराड़ी भेजा गया। वहीं, कार सवार अन्य दो व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जिन्हें बॉडी बैग के माध्यम से मुख्य मार्ग तक पहुँचाकर जिला पुलिस को सुपुर्द किया गया। हालांकि, अभी दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे मे तेजपाल सिंह पुत्र सोबन, उम्र 36 वर्ष, निवासी उखड़ पट्टी खास टिहरी, नरेंद्र राणा पुत्र केदार सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी फलिंदा घनसाली टिहरी की मौत हो गई तो वहीं दीपक पुत्र किशोरी लाल, निवासी बौराडी घायल हो गया जिसे बौराड़ी अस्पताल लाया गया है.

