रिपोर्ट.... वीरेंद्र नेगी
उत्तरकाशी... आज पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को अलग-अलग तरीकों से मना रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण सहित उनके विकास पर मंथन किया जा रहा है। तो वहीं आज के 21 वीं सदी के दौर में आज कोई क्षेत्र ऐसा नहीं रह गया है, जहां महिलाओं ने अपनी काबिलियत का लोहा न मनवाया। घर के घरेलू कार्य से लेकर देश और विदेशों में महिलाएं कई सर्वोच्च पदों पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। शिक्षा हो राजनीति हो या खेल आदि हर जगत में महिलाओं ने अपना लोहा मनवाया है।
पहाडों की बात करें, तो पहाडों में भी मातृ शक्ति को विशेष स्थान दिया जाता है। लेकिन आज भी कहीं न कहीं घर के चूल्हे चौक से महिलाएं बाहर नहीं निकल पाई हैं। लेकिन इन सब बाध्यताओं को समाप्त कर पहाड़ में महिलाएं राजनीति में सक्रिय अपना एक अलग स्थान बना रही हैं। इसी कड़ी में उत्तरकाशी जनपद के भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे विकासखण्ड भटवाड़ी की ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत ने राजनीति में अपना एक विशेष ओहदा तैयार किया है। विनीता रावत वर्तमान में दूसरी बार भटवाड़ी विकासखण्ड की प्रमुख बनी हैं। इससे पूर्व विनीता रावत 2009 से 2014 तक भटवाड़ी विकासखण्ड की प्रमुख पद पर आसीन रही।
ब्लॉक प्रमुख रहते हुए विनीता रावत महिला सशक्तिकरण और विकास के लिए महिला मंगल दलों को ग्रामीण स्तर पर मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। तो वहीं विकासखण्ड में करीब 80 प्रतिशत महिला जनप्रतिनिधियों के साथ रावत ने लोकपरिधान और परम्परा को जीवंत रखने के लिए पहल शुरू की है। विनीता रावत कहती हैं कि राजनीति में उनके पति जगमोहन रावत सहित पूरे परिवार का पूरा समर्थन मिलता है।
विनीता रावत, ब्लॉक प्रमुख, भटवाड़ी विकासखण्ड


