रिपोर्टर - संजय जोशी
रानीखेत.. कोरोना संक्रमण के चलते माइक्रो कंटेनमैंट जोन बनाए गए जरूरी बाजार क्षेत्र में प्रशासन ने अब सील खोल दी है। स्थानीय लोग भी सील खोलने की मांग कर रहे थे। इधर पुलिस और प्रशासन की टीम ने व्यापार संघ पदाधिकारियों के साथ सील एरिया का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि अब वहां टैस्टिंग का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। कोविड अस्पताल से घर लौट चुके लोगों और उनके परिजनों को सख्त होम क्वारंटीन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बता दें कि जरूरी बाजार क्षेत्र में एक फार्मासिस्ट की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, इसके बाद एक ही परिवार के पांच लोग पॉजिटिव पाए गए थे। धीरे धीरे घनी आवादी वाले जरूरी बाजार इलाके में संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली। प्रशासन को यहां माइक्रो कंटेनमैंट जोन बनाना पड़ा। यहां रहने वाले तकरीबन 500 से अधिक लोगों की कोरोना जांच कराई गई। जिसमें से अभी तक 30 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। त्योहारों में खरीददारी करने को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सील हटाने की मांग की थी। इधर, नायब तहसीलदार दलीप सिंह, थानाध्यक्ष रमेश बोहरा, व्यापार मंडल पदाधिकारियों सहित कई लोगों ने जरूरी बाजार जाकर लोगों से वार्ता की। बाद में एसडीएम अभय प्रताप सिंह के साथ बैठक भी की। जिसमें सील एरिया को खोलने का निर्णय लिया गया। एसडीएम अभय प्रताप ने बताया कि जो संक्रमित कोविड सैंटर से घर आए हैं, उन्हें और उनके परिजनों को सख्त होम क्वारंटीन किया गया है। इसके लिए निगरानी समिति का भी गठन किया गया है।
अब इंदिरा बस्ती में कोरोना की दस्तक
रानीखेत में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। जरूरी बाजार में 30 लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नई बस्ती में भी एक आशा कार्यकर्ती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने पॉजिटिव कार्यकर्ती को कोविड केयर सैंटर मजखाली भेज दिया है। जबकि परिजनों की रैपिड टेस्टिंग चल रही है। नायब तहसीलदार दलीप सिंह ने बताया कि रैपिड टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आशा कार्यकर्ती के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश चल रही है।


