संजय जोशी
रानीखेत : शिव मंदिर में दर्शन व धर्मशाला के लिए आरोग्य सेतु एप होगा अनिवार्य
सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाना जरूरी ၊
कोरोना महामारी के चलते सोमवार को नगर व आसपास के मंदिर नहीं खुल सकें। पुलिस निरीक्षक हरेंद्र चैधरी ने मंदिरों व मस्जिदों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर तथा मस्जिद समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक सुझाव दिये। पुलिस निरीक्षक ने उन्होंने समय निर्धारित करने की बात भी कही। बता दें कि नगर के शिव मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए पत्र छपाये है। मंदिर समिति के प्रबंधक रमेश अधिकारी ने बताया कि शिव मंदिर के कपाट प्रातः सात से 11 बजे तक सायं 4 से सात बजे तक खुलें रहेंगे। मुख्य द्वार पर श्रद्धालुओं का तापमान सामान्य होने पर मंदिर में प्रवेश किया जायेगा। मंदिर में सैनेटाइज होकर प्रवेश किया जा सकेगा। मास्क पहनना अनिवार्य होगा मास्क न पहनने पर मंदिर तथा धर्मशाला में प्रवेश नहीं दिया जायेगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। शिववालय में बाहर से ही दर्शन किये जा सकेंगे। उन्होंनें कहा कि 10 साल से कम तथा 64 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। प्रबंधक ने बताया कि दर्शनार्थियों व धर्मशाला में रूकने वाले लोगों को मोबाइल में आरोग्य सेतु एप होना आवश्यक होगा। मंदिर में प्रसाद वितरण नहीं किया जायेगा तथा तिलक भी नहीं लगाया जायेगा। बता दें कि शिव मंदिर धर्मशाला में लोगों की सस्ती दरों पर रहने की व्यवस्था की जाती है यहां भी नियमों का पालन करना आवश्यक किया गया है।


