रिपोर्ट : संजय जोशी
रानीखेत : नगर में कोरोना पाजेटिव केस मिलने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सतर्क हो गये हैं। संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी0एन0 मीणा ने सुदामापुरी, लोअर खड़ी बाजार व कुरेशियन मुहल्लों का दौरा किया। प्रशासन द्वारा इन मौहल्लों को सोमवार सील कर दिया गया था।जिलाधिकारी ने बताया कि इन कालोनियों में रहने वाले निवासियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु 04 टीमे परीक्षण हेतु बनायी गयी है जो इन कालोनियों में निवास कर रहे लोगों का परीक्षण कर रही है।उन्होंने कहा कि इन कालोनियों को सेनेटाइज किया जा रहा है इसके लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी को मानिटरिंग करने के निर्देश दिये। कालोनियों में निवास कर रहे लोगो को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए राशन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश उपजिलाधिकारी को दिये। उन्होंने कहा कि लोग स्वयं जागरूक होकर प्रशासन का सहयोग करे साथ ही इस तरह के कोई भी लक्षण पाये जाने पर स्वयं आगे आकर अपनी जाॅच करा लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक दूरी का पालन इस समय अति आवश्यक है किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दिया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर भी ध्यान न दिया जाय किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर अनावश्यक अफवाह फैलायी जाती है तो उसके विरूद्व कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर मंगलवार 03 लोगो को क्वारंटाइन किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा सभी लोगो पर पैनी निगाह रखी जा रही है । सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गये हैं। पुलिस द्वारा नगर सहित संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। इस दौरान उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, अधिशासी अधिकारी कैण्ट बोर्ड अभिषेक आजाद, पुलिस क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार, पीएमएस0 डा0 डी0एस0 नेई आदि उपस्थित थे।


