संवाददाता : वीरेन्द्र सिंह नेगी
उत्तरकाशी : जनपद के चिन्यालीसौड़ ब्लॉक के कपराड़ा गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग सूरी गांव से कपराड़ा गांव पहुंचे। जहां पर मृतका के भाई ने उसके पति और सास पर हत्या का आरोप लगाते हुए राजस्व पुलिस को तहरीर दी। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं तहरीर के आधार पर मृतका के पति और सास को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पिंकी पत्नी त्रेपन सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी कपराड़ा चिन्यालीसौड़ की मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना पर मृतक पिंकी के मायके पक्ष के लोग देर रात ही कपराड़ा पहुंचे और राजस्व पुलिस को सूचना दी। मृतका के भाई सुमेर सिंह ने राजस्व पुलिस को दी तहरीर में अपनी बहिन के पति और सास पर उसकी मौत का आरोप लगाते हुए तहरीर दर्ज करवाई है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही तहरीर के आधार पर मृतका की सास और पति को हिरासत में लेकर चिन्यालीसौड़ पूछताछ के लिए ले आई है। जिस समय राजस्व पुलिस पति और सास को लेकर जा रही थी। उस समय मृतका के मायके पक्ष के लोगों का सब्र के बांध टूट पड़ा और आरोपियों को मारने लगे। किसी प्रकार राजस्व पुलिस ने मामले को शान्त करवाया।



