रिपोर्ट : ज्योति डोभाल
नई टिहरी : जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डाॅ.वी. षणमुगम की अध्यक्षता में जनता दरबार सम्पन्न हुआ। जनता दरबार में कुल 20 शिकायतें दर्ज की गयी जो कि समाज कल्याण, जल संस्थान, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों से सम्बंधित थी। ग्राम दिवाडा विकासखण्ड चम्बा के शिकायतकर्ता अमर सिंह नेगी ने स्वजल परियोजना के अन्तर्गत शौचालय के निर्माण कार्यो का भुगतान न किये जाने की शिकायत पर जिलाधिकरी ने मुख्य विकास अधिकारी को जाॅच के निर्देश दिये हैं। बालना चम्बा के क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवराज सिंह सजवाण की शिकायत पांगरखाल गधेरें में सीवर बहने के कारण दुर्गन्ध से मुक्ति दिलाने सम्बंधी प्रकरण पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को आज की मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। पलास के विकास थपलियाल के विद्युत संयोजन स्थापित करने के प्रकरण पर विद्युत विभाग के अधिकारी को प्राथमिकता से कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। सदस्य जिला पंचायत बागी हितेश चैहान के प्रकरण नई टिहरी-बुडोगी मोटर मार्ग के किमी-1 पर मुख्यमंत्री की घोषणा सम्बंधी पुल निर्माण कार्य अभी तक प्रारम्भ न होने पर अधिशासी अभियन्ता लोनिवि चम्बा को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। कोटी मगरों की विजेन्दी देवी व देवेन्द्री देवी के विधवा पेंशन सम्बंधी प्रकरण पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिये हैं। रमोलगाॅव प्रतापनगर के ठेकेदार पदम सिंह मिश्रवाण के लम्बगांव-बिजपुर-पनियाल मोटर मार्ग के किमी 6-8 में किये गये कार्यो का उचित भुगतान न करने पर भूख हड़ताल करने पर बाध्य होने सम्बंधी प्रकरण पर ईई लोनिवि प्रान्तीय को प्रकरण की जाॅच एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देेश दिये हैं। केमसारी के मस्तराम के मोलधार में अतिक्रमण को हटाने सम्बंधी प्रकरण पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। तल्ला उप्पू के नरेन्द्र राणा के आर्थिक रुप से कमजोर तबके को आरक्षण (ई.उब्लू.एस) के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रकरण शासन स्तर का है, इसलिए यह प्रकरण शासन को भेजा जायेगा। भेलुन्ता प्रतापनगर की सीता देवी के आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नवनियुक्ति प्रकरण पर डीपीओ को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। जाखणीधार के ज्ञान सिंह ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत गैस कनैक्शन दिलाये जाने प्रकरण पर डीएसओ को प्राथमिकता से शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिये है। ग्राम प्रधान डोबरा सुरेन्द्र दत्त चमोली के डोबरा के निकट घाट निर्माण कराये जाने प्रकरण पर सम्बन्धित अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। जनता दरबार मे सीडीओ अभिषेक रुहेला, डीएफओ कोको रोसे, सीएमओ डाॅ मीनू रावत, पीडी भरतचन्द्र भट्ट, डीडीओ आनन्द सिंह भाकुनी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डाॅ पीएस रावत, डीएसटीओ निर्मल शाह, जिला शिक्षा अधिकारी बैसिक एसएस बिष्ट, ईई लोनिवि केएस नेगी, एआरटीओ एनके ओझा, जीएम डीआईसी महेश प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी डाॅ डीके तिवारी, जिला सेवायोजन अधिकारी विक्रम, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला युवा कल्याण अधिकारी डाॅ मुकेश चन्द्र डिमरी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


