रिपोर्ट : दानिश खान
उधोग व्यापार मंडल ने नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ किया धरना प्रदर्शन
यूपी के रामपुर में आज उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी के नेतृत्व में व्यापारी रेलवे स्टेशन के सामने एकत्र हुए। इसके बाद सभी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट आ गए। उनका कहना था कि नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी व्यापारी समाज को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। ये अधिकारी जिला प्रशासन को गुमराह कर व्यापारियों की दुकानें तुड़वाने का प्रयास कर रहे हैं। व्यापारियों की दुकानों पर बार-बार निशान लगाकर उन्हें तबाह और बर्बाद करना चाह रहे हैं, जबकि सत्यता यह है कि रियासत काल के मानचित्र को दिखाकर तोड़फोड़ करने का प्रयास कर रहे हैं। सपा शासनकाल में इन अफसरों ने पूर्व नगर विकास मंत्री आजम खां को गुमराह करने का प्रयास किया था। व्यापारियों के खिलाफ मुकदमे कायम कर खून खराबा करने का प्रयास किया गया था। रेलवे स्टेशन मेन रोड और आंबेडकर पार्क से सीआरपीएफ रोड व किले की दीवार से जुड़े व्यापारियों को बर्बाद करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने व्यापारियों की दुकानें न तोड़े जाने की मांग की है।


