रिपोर्ट.. ज्योति डोभाल
देहरादून.. आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कांग्रेस प्रभारी के सभी आरोपों को निराधार बताया है। कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने आप पार्टी के अस्तित्व पर सवाल उठाते हुए कहा था कि आप पार्टी का उत्तराखंड में कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर अनर्गल आरोप लगाए। वही आप पार्टी के प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि उत्तराखंड में आप पार्टी का जो सियासी असर है वह ना कांग्रेस तय कर सकती है और ना ही बीजेपी यह सिर्फ जनता तय करेगी और 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों ही पार्टियों को आप पार्टी का असर दिखाई देगा। आप प्रभारी ने बताया कि दिल्ली की जनता बहुत समझदार है इसलिए कांग्रेस को चुनाव में मुंह की खानी पड़ी थी और लगातार दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताया ।वही गुटबाजी को लेकर भी आप पार्टी के प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस को गुटबाजी शब्द का इस्तेमाल शोभा नहीं देता। कांग्रेस पार्टी में हर जगह गृह युद्ध चल रहा है। यही वजह है कि उत्तराखंड में भी कांग्रेस कई धड़ों में बंटी हुई है। हरीश कांग्रेस , इंदिरा हृदयेश कांग्रेस और अन्य कई धड़े हैं जो कांग्रेस का असली चेहरा सामने लाते हैं। कांग्रेस को दूसरों पर कीचड़ उछालने से पहले अपने दामन में झांक कर देखना चाहिए कि कांग्रेस अब रसातल में आ चुकी है। आप प्रभारी ने उत्तराखंड की जनता का आभार जताते हुए बताया कि उत्तराखंड कि जनता महान है जो जुमले और झूठ में फर्क समजती है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपने मत का सही इस्तेमाल करेगी।


