वीरेन्द्र नेगी उत्तरकाशी
उत्तरकाशी : जनपद मुख्यालय सहित जिले की सभी तहसीलों में गत दो दिनों से लगातार बारिश जारी है। तो वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। मार्च माह में लगातार हो रही बारिश के कारण जनपद में अगस्त माह की बरसात जैसे हालात हो गए हैं। गंगोत्री हाईवे धराली से आगे बर्फबारी के कारण बाधित है। तो वहीं यमुनोत्री हाईवे मलबा आने के कारण डामटा और कुथनौर के समीप बन्द हो गया है।
गुरुवार शाम से उत्तरकाशी जनपद में लगातार तेज बारिश जारी है। जिस कारण देर रात को गंगोत्री हाईवे धरासू के समीप मलबा आने के कारण बन्द हो गया था। जिसे शुक्रवार सुबह सुचारू किया गया। साथ ही धरासू में मलबा आने के कारण ब्रह्मखाल और भण्डारस्यू क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। जिसे सुचारू करने का प्रयास लगातार जारी है। वहीं गंगोत्री हाईवे उपला टकनौर में धराली से आगे बर्फबारी के कारण बाधित है।
वहीं दूसरी और यमुनोत्री हाईवे डामटा और कुथनौर के समीप दो स्थानों पर मलबा आने के कारण बन्द पड़ा हुआ है। वहीं हाइवे बन्द होने के कारण डामटा के समीप दोनों और दर्जनों वाहन फंस गए हैं। जिस कारण स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा प्रबधंन अधिकारी देवेंद्र पटवाल का कहना है कि यमुनोत्री हाईवे को खोलने के लिए मशीनरी कार्य कर रही है।


