देहरादून, (11 नवंबर 2026) : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड राज्य ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अंतर्गत रुद्रपुर नगर निगम को Swachh Himalayan City Category में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, वहीं काशीपुर नगर निगम ने State First Swachh City of Uttarakhand Category में उत्तराखंड राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित स्वच्छ सर्वेक्षण देशभर के शहरी स्थानीय निकायों में स्वच्छता की स्थिति का आकलन करने वाला एक महत्वपूर्ण वार्षिक सर्वेक्षण है। इसका प्रमुख उद्देश्य शहरों में स्वच्छता के स्तर में सुधार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करना, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस सर्वेक्षण के माध्यम से नगर निकायों के स्वच्छता संबंधी प्रयासों, व्यवस्थाओं एवं जनभागीदारी का मूल्यांकन किया जाता है।
रुद्रपुर की राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत रुद्रपुर नगर निगम को Swachh Himalayan City Category में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में श्री विकास शर्मा महापौर, रुद्रपुर; श्री विनोद गोस्वामी निदेशक, शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड तथा शिप्रा जोशी नगर आयुक्त रुद्रपुर को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
काशीपुर की राज्य स्तर पर उपलब्धि
इसी क्रम में काशीपुर नगर निगम को State First Swachh City of Uttarakhand Category में उत्तराखंड राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्वारा श्री दीपक बाली महापौर, काशीपुर; श्री विनोद गोस्वामी निदेशक, शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड; श्री रवींद्र बिष्ट नगर आयुक्त काशीपुर तथा श्री मनोज पांडे राज्य मिशन मैनेजर, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रुद्रपुर एवं काशीपुर को प्राप्त यह सम्मान नगरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, घर-घर कूड़ा संग्रहण, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों तथा नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इन उपलब्धियों में नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
यह उपलब्धि उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है तथा प्रदेश के अन्य नगर निकायों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में नवाचार, बेहतर प्रबंधन एवं जनभागीदारी के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड ने रुद्रपुर एवं काशीपुर की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की l


